नारायणबगड/ चमोली
ब्लाक स्तरीय कला उत्सव में जूनियर एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा के जौहर का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी।
बुधवार को जीआईसी के सभागार में ब्लाक स्तरीय कला उत्सव का उद्घाटन बतौर मुख्यातिथि ब्लॉक प्रमुख यशपाल सिंह नेगी,खंड शिक्षा अधिकारी अनिनाथ एवं ब्लाक संयोजक भरतसिंह नेगी ,प्रभारी प्रधानाचार्य गंगा सिंह नेगी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से कला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शास्त्रीय गायन, लोकगीत,लोकनृत्य,नाटक की लाजबाव प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरी वहीं मिट्टी से तैयार कला कृतियों और केनवास पर रंगों से उकेरी गई शानदार कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जीजीआईसी की अंजलि ने तानपुरा पर भूपाली राग में शास्त्रीय गायन”चरण रज गुरु के सिर धर” की लाजबाव प्रस्तुति दी।अंजलि ने इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकगीत एकल में जनता इंटर कालेज बू़ंगा नैणी की रवीना ने सधे स्वरों में शानदार गीत गाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं समूहगान में जीजीआईसी नारायणबगड़ प्रथम रहा जबकि द्विआयामी चित्रकला में आषीश नैनवाल जीआईसी नारायणबगड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।तथा त्रिआयामी मूर्ति कला में सिमरन ने तथा शास्त्रीय एकल नृत्य में श्रद्धा जीजीआईसी नारायणबगड़ ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि प्रिंस भण्डारी राउमावि नवगांव ने कहानी में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी पुष्पा कनवासी,चिंतामणि देवराडी,विनोद कनियाल, बिमला देवी,गंभीर खत्री,अनूप कुमार,सीमा देवी,गीता देवी, पुष्कर नेगी,अपर्णा सती, कुमारी रेखा आदि शिक्षक शिक्षिकाओं ने कला प्रतियोगिता को संपन्न करने में सहयोग किया।
