केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन करने नहीं आ सकते हैं तो घर बैठे अपने नाम से धामों में करवा सकते है पूजा
देहरादून।
उत्तराखंड में चारधाम की यात्रा पर हर कोई आना चाहता हैं, लेकिन कई बार लोग स्वास्थ्य कारणों या फिर अन्य किसी कारण से धामों में दर्शन करने नहीं आ पाते हैं। ऐसे लोगों के लिए केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में ऑनलाइन पूजा की व्यवस्था भी संचालित की जा रही है। ऐसे में इच्छुक श्रद्धालु अपने नाम से इन दोनों धामों में पूजा अर्चना करवा सकते हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में ऑनलाइन पूजा की सुविधा शुरू होने के बाद से साल दर साल ऑनलाइन पूजा करवा कर पुण्य प्राप्ति करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिसके साथ उत्तराखंड चारधाम यात्रा का आगाज हो जायेगा। वहीं 2 मई को बाबा केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर आते हैं। ऐसे में केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में ऑनलाइन अपने नाम से पूजा कराए जाने की प्रक्रिया कपाट खुलने के बाद शुरू हो जाएगी। लेकिन ऑनलाइन पूजा कराए जाने से संबंधित रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। ऐसे में जो श्रद्धालु घर बैठे केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम में अपने नाम से पूजा करवाना चाहते हैं वह श्रद्धालु बद्री केदार मंदिर समिति की वेबसाइट https://badrinathkedarath.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करवा सकते है। ऑनलाइन पूजा करवाने वाले लोगों के नाम से न सिर्फ पूजा की जाती है बल्कि उन श्रद्धालुओं को उनके एड्रेस पर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम का अटका बंधान प्रसाद भी भेजा जाता है। यह प्रसाद जल्द से जल्द श्रद्धालुओं को मिले इसके लिए इस बार कोरियर सर्विस के जरिए प्रसाद भेजा जाएगा।
