थराली में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष का महत्वपूर्ण कदम।
सुभाष पिमोली थराली/ चमोली
आज शुक्रवार को थानाध्यक्ष थराली पंकज कुमार ने थराली बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुगम बनाने के उद्देश्य से थाना थराली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें थराली क्षेत्र की टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी, वाहन स्वामी और वाहन चालकों ने भाग लिया।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य थराली क्षेत्र में बढ़ती भीड़-भाड़ और यातायात संबंधी मुद्दों को सुलझाना था, थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने विभिन्न दिशानिर्देशों के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभी टैक्सी और निजी वाहनों को नगर पंचायत थराली द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों में खड़ा करने का निर्देश दिया गया, जिससे बाजार में अव्यवस्थित खड़े वाहनों की समस्या को कम किया जा सकेगा।
थानाध्यक्ष ने वाहन चालकों को सख्ती से चेतावनी दी कि किसी भी चालक द्वारा यदि शराब पीकर गाड़ी चलाने, ओवरलोडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी, यह निर्देश सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
थानाध्यक्ष ने समुदाय के सभी लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और एक दूसरे को भी नियमों के प्रति जागरूक करें।
इस बैठक के माध्यम से थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने स्पष्ट किया कि थराली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना सभी की जिम्मेदारी है, उनके द्वारा उठाए गए कदम निश्चित रूप से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएंगे और जनसमुदाय की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, देवाल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष रामा उनियाल,ग्वालदम टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष गजपाल गड़िया, दर्शन सिंह, राजेंद्र सिंह, लक्ष्मी प्रसाद, दयाल सिंह,रिशु रावत, प्रदीप सिंह, राकेश सिंह,कलम सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
