गांधी शिल्प बाजार का भव्य आयोजन
देहरादून में देशभर से आए कारीगरों की अनोखी हस्तशिल्प कृतियाँ बनी आकर्षण का केंद्र
देहरादून।
कौशल्या ग्रामोद्योग संस्थान द्वारा विकास आयुक्त भारत सरकार, वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से गांधी शिल्प बाजार का आयोजन 15 से 24 सितम्बर तक हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक देहरादून में किया जा रहा है।
कौशल्या ग्रामोद्योग संस्थान के सचिव द्वारा बताया गया कि यह मेला 15 सितम्बर से प्रारंभ हो चुका है और शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हस्तशिल्प की विविधता और कारीगरी को नजदीक से देखने का यह एक अनूठा अवसर है। उन्होंने लोगों से आवान किया कि वे आयें और इस मेले में जरूर प्रतिभाग करें और देश के विभिन्न इलाकों से आए हुए कारीगरों की संस्कृति को देखे, उनके उत्पादों को खरीदें।
इस शिल्प मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए 70 से अधिक कारीगरों द्वारा हस्तशिल्प वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई है। लकड़ी की नक्काशी, मिट्टी के बर्तन, हैंडलूम वस्त्र, जूट उत्पाद, पारंपरिक गहने, बांस शिल्प और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएं मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस अवसर पर उपस्थित विकास आयुक्त हस्तशिल्प देहरादून के सहायक निदेशक नलिन राय द्वारा बताया गया कि गांधी शिल्प बाजार का उद्देश्य देश के ग्रामीण एवं पारंपरिक शिल्पकारों को एक मंच प्रदान करना है, जहाँ वे सीधे ग्राहकों से जुड़ सकें और अपने उत्पादों को उचित मूल्य पर बेच सकें। इसके साथ ही यह मेला भारत की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा।
इस अवसर पर विकास आयुक्त हस्तशिल्प देहरादून से सहायक निदेशक नलिन राय एवं उज्जवल कुमार, आदित्य प्रकाश तथा संस्था के सहयोगी राहुल त्यागी, पवन धूलिया, विपिन कुमार एवं राजकुमार पाल आदि मौजूद रहें।
