नशे की लत ने बनाया चोर, चार लाख की ज्वैलरी संग गिरफ्तार
देहरादून
कैंट कोतवाली पुलिस ने किशन नगर चौक में हुई लाखों की चोरी की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे की अपनी लत को पूरा करने और सिर पर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई करीब चार लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है।
कैंट पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को किशन नगर निवासी रवि मल्होत्रा ने तहरीर दी थी कि देर रात अज्ञात चोर उनके घर के ऊपरी कमरे में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ ले गए। अलमारी में रखी लाखों की ज्वैलरी और नकदी गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने रविवार को चकराता रोड स्थित यमुना कॉलोनी के पास से आरोपी जाकिर अंसारी (45 वर्षीय) पुत्र इनाम को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद हुई।
कोतवाली में हुई कड़ी पूछताछ में आरोपी जाकिर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। नशे की जरूरत और कर्ज चुकाने के दबाव में उसने इस चोरी की योजना बनाई थी। वह ज्वैलरी को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आरोपी के पास से करीब 4 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वैलरी, 3000 रुपये नकद, गणेश जी की पीली धातु की एक मूर्ति और हाथ की 3 घड़ियां बरामद हुई।
इस कार्रवाई टीम में बिंदाल चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक विनयता चौहान, कांस्टेबल मनोज उप्रेती, योगेश कुमार और अजय कुमार आदि शामिल रहे ।
