नीति गाड़ी ब्रिज के पास दो नेपाली मजदूरों का शव मिलने से मचा हड़कंप
एक मजदूर अभी भी लापता
लापता मजदूर की खोजबीन में जुटी पुलिस
ज्योतिर्मठ।
ज्योतिर्मठ विकासखंड के सूखी गांव के पास बहने वाली नदी में दो नेपाली मूल के मजदूरों के अर्धनग्न शव मिलने से हड़कंप मच गया. बीच नदी में शव देख ग्रामीणों ने आनन-फानन में इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी. सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला. जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए सीएचसी ज्योतिर्मठ भेज दिया है. वहीं, एक मजदूर लापता बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ज्योतिर्मठ विकासखंड स्थित राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र के सूखी गांव में गाड़ी पुल के पास बीच नदी में दो नेपाली मूल के मजदूरों का शव मिला है. दोनों का शव बीच नदी में अर्धनग्न अवस्था में मिला है. शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तपोवन के राजस्व उपनिरीक्षक को दी. जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला. फिलहाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ में पोस्टमार्टम आदि की कार्रवाई की जा रही है।
ज्योतिर्मठ कोतवाल राकेश भट्ट ने बताया कि चारों साथियों ने नशे की गोलियां खाई थी। वहीं मृतकों की पहचान सुभाष पांडे पुत्र तारावती पांडे (उम्र 24 वर्ष) और चित्र बहादुर पुत्र कविराम बहादुर (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है. जो नेपाल के सुर्खेत के बबई हाथीखाल के रहने वाले हैं. जबकि, हरि पुत्र राम प्रसाद लापता चल रहा है. जिसकी नदी में तलाश की जा रही है, लेकिन उसका भी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
वहीं, नदी किनारे इन लोगों कपड़े भी पुलिस को मिले हैं. आशंका जताई जा रही कि तीसरा व्यक्ति नदी के तेज बहाव में कहीं बह गया है. लगातार पुलिस की ओर से उसकी खोजबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को हरि का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. उधर, मृतकों के शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं हैं. फिलहाल, मौत की असली वजह की जानकारी जुटाई जा रही है।
