यूकेडी ने इंद्रमणि बडोनी के 100वें जन्मदिन पर आयोजित की संगोष्ठी
कोटद्वार ।
स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी का उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए योगदान और समग्र विकास पर उनकी अवधारणा विषय पर संगोष्ठी कर यूकेडी ने इंद्रमणि बडोनी का 100वां जन्म दिवस मनाया। संगोष्ठी का शुभारंभ पंडित सुनील काला और पंडित गोपाल दत्त लखेड़ा ने पूजा अर्चना और शांति पाठ कर किया। इसके बाद स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी का शताब्दी वर्ष 2024-25 को मनाने का निर्णय लिया गया जिसके तहत वर्ष भर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक आदि कार्यक्रम किए जाएंगे और उनकी स्मृति व राज्य निर्माण में उनके योगदान पर साहित्य का प्रकाशन किया जाएगा। इस आयोजन के लिए स्वर्गीय इंद्रमणि शताब्दी वर्ष आयोजन समिति का गठन करने का निर्णय भी लिया गया। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी और यूकेडी के नेता डॉ शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि राज्य आंदोलन में स्वर्गीय बडोनी आंदोलनकारियों के प्रमुख और प्रेरणा स्रोत थे। कहा कि बडोनी ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन को भारत के नहीं विश्व के मानचित्र पर स्थापित किया, जिसके कारण उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ। यूकेडी नेता राज्य आंदोलनकारी महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों की सरकारों ने बडोनी के नेतृत्व में बने उत्तराखंड राज्य का नाजायज लाभ उठाया है और आज भी उठा रहे हैं।
