सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों पर पुलिस की कार्यवाही
खुले में शराब पीने वाले 2265 लोगों का पुलिस ने किया चलान
देहरादून।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के विरुद्ध देहरादून पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विगत 2 माह में दून पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों जंगल में, सड़क किनारे, गाड़ियों में बैठकर शराब पीने वालों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की है। इस दौरान खुले में शराब पीने वाले 2265 लोगों का 81 पुलिस अधिनियम मे चालान कर 8,20,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त 508 व्यक्तियों को शराब पीकर वाहन चलाने पर मौके से गिरफ्तार किया गया तथा सभी 508 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान थाना रायपुर द्वारा अन्य थानों की अपेक्षा सर्वाधिक कार्यवाही करते हुए खुले में शराब पीने वाले 1345 व्यक्तियों का चालान कर 4,87,250 का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने वाले 145 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सभी 145 वाहनों को सीज किया गया।
