लूट के इरादे से वाहन चालकों पर जानलेवा हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 किशोर संरक्षण में

खबर शेयर करें

लूट के इरादे से वाहन चालकों पर जानलेवा हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 किशोर संरक्षण में

देहरादून।

दून पुलिस ने वाहन चालकों पर जानलेवा हमले की दो गंभीर घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रायपुर और कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में हुई इन घटनाओं में शामिल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 विधि-विवादित किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल डंडे, खुखरी, नकली पिस्टल और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है।
पहली घटना 31 दिसंबर की रात की है, जब टीएचडीसी टिहरी से देहरादून आ रहे एक वाहन चालक पर थानो रोड के पास जंगल क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने हमला कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। दूसरी घटना में 31दिसंबर की देर रात एयरपोर्ट के पास थानो रोड पर एक अन्य वाहन चालक के साथ गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और कार में तोड़फोड़ की गई।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, मैन्युअल सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 2 जनवरी को रायपुर स्टेडियम मार्ग से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लूट के इरादे से वाहनों को रोककर मारपीट और तोड़फोड़ कर रहे थे, लेकिन वाहन चालकों के मौके से भाग जाने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि शामिल दो अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है, जो एक अन्य कार से इलाके में रेकी कर रहे थे। दून पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *