दून मेडिकल कॉलेज में बनेगा आधुनिक पोस्टमार्टम कॉम्प्लेक्स

खबर शेयर करें

दून मेडिकल कॉलेज में बनेगा आधुनिक पोस्टमार्टम कॉम्प्लेक्स

पटेल नगर में 0.1540 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित, फॉरेंसिक सुविधाएँ होंगी अत्याधुनिक

देहरादून।

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आधुनिक मॉड्यूलर पोस्टमार्टम/ऑटोप्सी कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसके लिए पटेल नगर क्षेत्र में भूमि चिन्हित कर कॉलेज को हस्तांतरित करने की स्वीकृति मिल गई है।
प्राप्त आदेश के अनुसार खसरा संख्या 484 (0.0490 हेक्टेयर) तथा 485 (0.1050 हेक्टेयर) की कुल 0.1540 हेक्टेयर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज को ऑटोप्सी भवन के निर्माण के लिए दी गई है। इससे उत्तराखण्ड की राजधानी में स्थित राज्य के सबसे बड़े राजकीय मेडिकल कॉलेज में आधुनिक फॉरेंसिक सुविधाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. गीता जैन ने बताया कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना कॉलेज, फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड शासन के सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) सचिन कुर्वे के सक्रिय सहयोग और त्वरित प्रशासनिक निर्णय के कारण यह लंबित प्रस्ताव अब साकार हो सका है।
प्रस्तावित मॉड्यूलर पोस्टमार्टम कॉम्प्लेक्स के निर्माण से राज्य में वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप पोस्टमार्टम सुविधाएं विकसित होंगी। इससे न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और एम बी बी एस पीजी तथा पैरामेडिकल विद्यार्थियों को आधुनिक फॉरेंसिक प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज कुमार ने इसे राज्य की चिकित्सा शिक्षा और न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे मृत्यु जांच प्रणाली अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *