घंटाकर्ण धाम को तीर्थाटन व आध्यात्मिक केंद्र के रूप में किया जायेगा विकसित-सुबोध उनियाल
मंत्री द्वारा पैदल मार्ग पर रेलिंग हेतु 5लाख की दी स्वीकृति
नरेंद्रनगर।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर इन दिनों भगवान घंटा कर्ण धाम में 27 मई से 5 जून तक 13 वां दिव्य यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश के वन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने घंटा कर्ण धाम पहुंच कर मंदिर में मत्था टेका भगवान घंटा कर्ण से क्षेत्र की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
तत्पश्चात वे यज्ञ अनुष्ठान में शामिल हुए, मंदिर पुरोहितों द्वारा वन मंत्री के हाथों पूजा अर्चना कराई गई।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि घंटाकर्ण धाम को तीर्थाटन व आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा। कहा कि पौराणिक घंटाकर्ण मंदिर देश/विदेश के लाखों श्रद्धालुओं का आस्था का केंद्र है।
कहा कि श्रद्धालुओं के लिए मंदिर धाम में सुगमता से पहुंचने के लिए पोखरी बमणगांव से 12 किलोमीटर सड़क मार्ग तैयार हो गया है, जिसका शीघ्र डामरीकरण किया जायेगा।
बताया कि अब सड़क से मंदिर में जाने के लिए 1 या सवा किलोमीटर की दूर का सीधा रास्ता है, जिस पर बुजुर्ग भी आसानी से चल सकते हैं। उनियाल ने कहा कि इस रास्ते पर जल्दी रेलिंग की जाएगी। इसके लिए उन्होंने ₹ 5 लाख देने की घोषणा की है।
कैबिनेट मंत्री उनियाल ने कहा कि भगवान घंटा कर्ण के अनन्य भक्त भगत सिंह सजवाण का स्मारक क्वीली गढ़ में निर्मित किया जाएगा।
श्री उनियाल ने कहा कि गौंताचली से पोखरी-घंटा कर्ण रोड को जोड़ने के लिए अगरियाणा तक 6 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित है।
वन मंत्री ने कहा कि गजा नगर पंचायत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। बताया कि तोलीडांडा -माणदा सड़क की स्वीकृति जल्द हो जाएगी।
वन मंत्री व क्षेत्र के विधायक उनियाल के घंटा कर्ण धाम पहुंचने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण, कोषाध्यक्ष अशोक बिजल्वाण, उपाध्यक्ष मानसिंह चौहान व बुद्धि सिंह रावत ने फूल मालाओं के साथ गर्म जोशी से श्री उनियाल का स्वागतकिया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री के साथ आए गजा नगर पंचायत के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रशासक राजेंद्र सिंह भंडारी, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष वीर सिंह रावत का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
मंदिर धाम के पुजारी मनोहर लाल बिजल्वाण,दर्शन लाल बिजल्वाण, वीरेंद्र, मदन मोहन व प्रशांत बिजल्वाण द्वारा मंदिर धाम में पहुंचे अतिथियों के हाथों पूजा अर्चना कराई गई।
एस मौके पर गजा मंडल के भाजपा मंडल महामंत्री सुनील सिंह चौहान,व्यापार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान, पूरन सिंह ,तहसीलदार गजा विनोद तिवारी, लोक निर्माण विभाग,जल निगम तथा वन विभाग के अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित थे।
