नंदा की चौकी के पास टूटा नया पुल, आवागमन ठप
देहरादून।
नंदा की चौकी प्रेमनगर के पास सोमवार सुबह एक नया पुल अचानक टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पुल पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार प्रेम नगर स्थित नंदा की चौकी के पास बने इस पुल का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। सुबह-सुबह जैसे ही यह खबर फैली, स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि पुल गिरने की मुख्य वजह रातभर हुई तेज बारिश के कारण पानी का तेज बहाव था, जिसने पुल के खंभों के पास की मिट्टी और बालू को बहा दिया, जिससे नींव कमजोर हो गई। इसके अलावा, अधिकारियों ने यह भी माना कि पुल से गुजरने वाले भारी वाहनों और डंपरों की आवाजाही ने भी क्षति को बढ़ाया।
पुल ढहने के कारण प्रेम नगर क्षेत्र में लंबा जाम लग गया। सुबह के समय स्कूल जाने वाले छात्रों और दफ्तरकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया है कि मरम्मत का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय भी किए जाएंगे।
