सीएयू ने किया उत्तराखण्ड ब्लाइंड टीम की जर्सी का अनावरण
देहरादून |
क्रिकेट एसोसिएशन उत्तराखण्ड कार्यालय में आज आयोजित कार्यक्रम में आगामी नागेश ट्रॉफी नेशनल ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट (8वां संस्करण) के लिए उत्तराखण्ड टीम को शुभकामनाएँ दी गईं और टीम की नई जर्सी का विमोचन किया गया।
कोच अमनदीप आर्या ने बताया कि कप्तान दीपक रावत के नेतृत्व में टीम पिछले दस दिनों से कड़ी मेहनत कर रही है और टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है। सी ए बी आई द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 नवंबर से विभिन्न राज्यों में लीग फॉर्मेट में चल रही है, जिसमें करीब 30 टीमें छह समूहों में खेल रही हैं। उत्तराखण्ड टीम ग्रुप-A में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और उत्तर प्रदेश से मुकाबले खेलेगी। शीर्ष टीमें सुपर-8 में प्रवेश करेंगी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के पास जून 2026 में होने वाले टी-20 ब्लाइंड विश्वकप के लिए भारतीय टीम में चयन का मौका होगा। टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले बेंगलुरु में होंगे।
सी ए यू पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। महिम वर्मा ने टीम के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रेरणादायी है। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
