जनता दर्शन से पीड़ितों को राहत, समयबद्ध निस्तारण से बढ़ा जनविश्वास
देहरादून।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन में कुल 158 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में दुर्घटना में दोनों पैर गंवा चुके सूर्य प्रकाश के ऋण प्रकरण के शीघ्र समाधान, कैंसर पीड़ित सुमन व मोनिका की बेटियों की शिक्षा नंदा-सुनंदा योजना से कराने, बुजुर्ग विधवा मीना आनंद व लकवाग्रस्त वीरेन्द्र धीमान को राइफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए।
वहीं आरटीई के तहत दिव्यांग बच्ची को प्रवेश न देने पर निजी स्कूल के प्रबंधक को तलब कर शिक्षा अधिकारियों से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता दर्शन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
