ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह से मचा हड़कंप

खबर शेयर करें

ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह से मचा हड़कंप

देहरादून।

ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरों के बीच देश में गैस सिलेंडर को लेकर अचानक घबराहट का माहौल बन गया है। उत्तराखंड में भी इसी वजह से लोगों ने बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर की बुकिंग शुरू कर दी, जिसके चलते ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पर असामान्य दबाव पड़ गया और व्यवस्था कई बार ठप हो गई। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है।
दरअसल, अफवाहों और आशंकाओं के कारण उपभोक्ताओं ने एक साथ बड़ी संख्या में सिलेंडर बुक कर दिए। इसका असर सबसे पहले इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के ऑनलाइन सर्वर पर देखने को मिला। पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान कई बार ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम बाधित रहा, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मैन्युअल यानी ऑफलाइन बुकिंग का विकल्प भी शुरू कर दिया गया है।
आंकड़ों के मुताबिक उत्तराखंड में एलपीजी गैस के करीब 60 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 42 लाख उपभोक्ता आई ओ सी से जुड़े हैं, यानी राज्य में गैस वितरण का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा इसी कंपनी के पास है। वहीं बाकी करीब 30 प्रतिशत उपभोक्ता भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़े हुए हैं।
बताया गया कि 12 मार्च की रात 12 बजे से 2 बजे के बीच केवल दो घंटे में करीब 29 हजार उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कर दी। सामान्य परिस्थितियों में राज्य में 24 घंटे में औसतन लगभग 47 हजार गैस सिलेंडर की बुकिंग होती है। अचानक इतनी ज्यादा बुकिंग होने से सर्वर पर दबाव बढ़ गया और ऑनलाइन व्यवस्था प्रभावित हो गई।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार राज्य में फिलहाल करीब 89,491 गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है, जिनमें से 84,411 की बुकिंग हो चुकी है। कंपनी प्रतिदिन औसतन 49,089 सिलेंडर की डिलीवरी भी कर रही है। इस हिसाब से अभी केवल दो दिन का बैकलॉग बचा हुआ है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक उत्तराखंड में फिलहाल 12 से 14 दिन का गैस स्टॉक मौजूद है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के डिविजनल सेल्स हेड स्वर्ण सिंह ने कहा कि राज्य में गैस की किसी तरह की कमी नहीं है। अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग होने से सर्वर पर दबाव पड़ा, जिसके कारण ऑनलाइन सिस्टम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *