2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने तेज की तैयारियां धारचूला के कई नेता पार्टी में शामिल

खबर शेयर करें

2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने तेज की तैयारियां

धारचूला के कई नेता पार्टी में शामिल

देहरादून।

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले का एक वर्ष सभी दलों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए पार्टियां संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के साथ-साथ अपने कुनबे को बढ़ाने में जुट गई हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने भी संगठन विस्तार पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र से आए कई स्थानीय नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन को और मजबूत बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना लक्ष्य है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग रोजाना पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि धारचूला नगर पालिका के अध्यक्ष समेत कई नेता और कार्यकर्ता आज भाजपा में शामिल हुए हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले तक जो भी भाजपा में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल बनने लगा है और पार्टी ने निर्णय लिया है कि पोलिंग बूथ स्तर पर काम करने वाले दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को भी भाजपा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन हजार लोगों को भाजपा में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे दलों के बीच सदस्यता अभियान और दूसरे दलों में सेंधमारी का दौर भी तेज हो जाएगा।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *