प्रेमनगर में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
पहले पति ने ही की पत्नी की हत्या, जंगल में फेंका शव
देहरादून।
दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पहले पति ने ही गला दबाकर की थी और शव को कट्टे में बंद कर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया था।
घटना 11 मार्च को बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव बरामद हुआ था। शव 4-5 दिन पुराना होने और चेहरा खराब हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह
डोबाल ने बताया कि पुलिस ने 8 टीमों का गठन कर 2500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 30 से ज्यादा झुग्गी-बस्तियों में करीब 5000 लोगों का सत्यापन किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि एक मजदूर की पत्नी कुछ दिनों से गायब है।
जांच के दौरान भाटोवाला क्षेत्र से संदिग्ध मजदूर रंजीत शर्मा को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी पहली पत्नी रूपा हाल ही में अपनी 11 माह की बच्ची के साथ उसके पास देहरादून आई थी और दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद 5 मार्च की रात उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिन तक कमरे में छिपाकर रखा और 8 मार्च को मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर करवाही की जाएगी।
