धूमधाम से निकली नगर यात्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी हुए शामिल

खबर शेयर करें

धूमधाम से निकली नगर यात्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी हुए शामिल
कोटद्वार ।

नगरनिगम कोटद्वार के गोविंद नगर स्थित गुरुद्वारे से शुक्रवार को गुरु गोविंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष शोभायात्रा निकाली गई । इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी लगातार दूसरे दिन भी सम्मिलित हुए और गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाकर श्रद्धा प्रकट की। उल्लेखनीय है कि उद्घाटन के प्रथम दिवस भी सुरेंद्र सिंह नेगी व प्रथम महापौर हेमलता नेगी पावन अवसर पर उपस्थित रहे थे ।
शुक्रवार को नगर कीर्तन गोविंद नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिंह सभा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए झंडाचौक, बद्रीनाथ मार्ग, पटेल मार्ग, नजीबाबाद रोड़ से होते हुए वापिस गुरूद्वारा पर ही समाप्त हुआ । शोभा यात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब की पावन छत्रछाया, कीर्तन, गतका प्रदर्शन एवं श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। पूरा नगर जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह ने मानवता, साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना कर समाज को समानता, निडरता और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उनका जीवन आज भी हमें सत्य, सेवा और बलिदान की प्रेरणा देता है । नगर कीर्तन के समापन पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई । कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक, सिख समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *