देहरादून
होली पर अलर्ट मोड में दून अस्पताल
दून अस्पताल में होली के मद्देनज़र विशेष तैयारियां की गई हैं। त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं, मारपीट और रंगों से होने वाली एलर्जी के मामलों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने का फैसला लिया है।
अस्पताल के इमरजेंसी विभाग से जुड़े EMO डॉक्टर अमित ने जानकारी दी कि होली खुशियों का पर्व है और सभी को इसे सुरक्षित तरीके से मनाना चाहिए, लेकिन हर वर्ष शराब के सेवन और आपसी विवादों के कारण मारपीट के मामले बढ़ जाते हैं।
उन्होंने बताया कि रंगों की वजह से आंखों में जलन, एलर्जी, त्वचा संबंधी समस्याएं और चोट के मामले भी बड़ी संख्या में सामने आते हैं। इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए मेडिकल टीम को पहले से ही अलर्ट कर दिया गया है।
अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञों की विशेष तैनाती की गई है, साथ ही सभी वरिष्ठ डॉक्टरों को भी उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे होली शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाएं, अत्यधिक शराब के सेवन से बचें और सुरक्षित रंगों का उपयोग करें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी के लिए परेशानी का कारण न बनें।
