कोहरे के चलते देहरादून संभाग में सघन चेकिंग अभियान,
541 वाहनों के चालान, 79 सीज
देहरादून।
आरटीओ प्रवर्तन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में कोहरे के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु देहरादून संभाग में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान जनपद देहरादून, हरिद्वार, टिहरी एवं उत्तरकाशी में प्रवर्तन दलों द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से ओवर स्पीड, गलत दिशा में वाहन संचालन, वाहनों में रिफ्लेक्टर न होने तथा रात्रि के समय बिना सुरक्षा उपायों के सड़क किनारे वाहन खड़े करने जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की गई। चेकिंग के लिए प्रवर्तन दलों के साथ-साथ टास्क फोर्स एवं इंटरसेप्टर दलों को भी तैनात किया गया था।
संभाग में चलाए गए इस अभियान के तहत कुल 541 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 79 वाहनों को बंद (सीज) किया गया। ओवर स्पीड करते पाए जाने पर 181 वाहनों के चालान किए गए तथा गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 55 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों में रिफ्लेक्टर न होने पर 71 वाहनों के चालान किए गए।
सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण को लेकर चलाए गए इस विशेष अभियान में बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के मामलों में भी 251 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई। वहीं चेकिंग के दौरान मौके पर ही 81 ट्रक, डंपर एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए गए।
प्रवर्तन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, विशेषकर कोहरे के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
