ज्योतिर्मठ में आर्मी कैंटीन स्टोर में भीषण आग, एक घंटे से ज्यादा समय से बुझाने का प्रयास जारी

खबर शेयर करें

ज्योतिर्मठ में आर्मी कैंटीन स्टोर में भीषण आग,
एक घंटे से ज्यादा समय से बुझाने का प्रयास जारी

ज्योतिर्मठ:

उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में औली रोड स्थित आर्मी कैंप के अंदर बने कैंटीन स्टोर में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे कैंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।


घटना की सूचना मिलते ही सेना की फायर ब्रिगेड, आईटीबीपी और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। स्टोर में रखा काफी सामान आग की चपेट में आकर जल गया है। बताया जा रहा है कि स्टोर में पुराना और अनुपयोगी सामान रखा हुआ था।
ज्योतिर्मठ कोतवाली के कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। करीब 100 से अधिक आर्मी जवान मौके पर मौजूद हैं, लेकिन एक घंटे से ज्यादा समय बीतने के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 28 दिसंबर को रुद्रप्रयाग के चोपता में कूड़ा घर में आग लगी थी, जबकि 29 दिसंबर को उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में दो आवासीय भवन जलकर राख हो गए थे। वहीं 31 दिसंबर को नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल के गोदाम में भी भीषण आग लग चुकी है।
इसके अलावा, मौसम के रूखे रहने के कारण चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में जंगलों में भी आग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन और वन विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *