आदतन अपराधी दिव्यकांत लखेड़ा 6 माह के लिए देहरादून से जिलाबदर
देहरादून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद में आदतन/अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा दिनांक 16 जनवरी 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के निवासी अभियुक्त दिव्यकांत लखेड़ा पुत्र स्वर्गीय राम बिहारी लखेड़ा को जिला मजिस्ट्रेट देहरादून द्वारा गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत जनहित में 6 माह के लिए जनपद देहरादून से जिलाबदर करने के आदेश जारी किए गए थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में पुलिस द्वारा अभियुक्त को नियमानुसार जनपद की सीमा आशारोड़ी से बाहर थाना क्षेत्र जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में छोड़ा गया।
अभियुक्त को स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई है कि यदि वह 6 माह की अवधि के दौरान जनपद देहरादून की सीमा में प्रवेश करता है, तो उसके विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अभियुक्त के जिलाबदर किए जाने की सूचना सहारनपुर पुलिस को भी दे दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरोधात्मक कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
