साप्ताहिक परेड में एसएसपी ने परखी जवानों की फिटनेस,
पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
देहरादून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के
दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की फिजिकल फिटनेस का जायजा लिया और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाकर उनकी फिटनेस परखी तथा वर्दी में दृढ़ता और व्यवहार में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने घुड़सवार दस्ते का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दस्ते में मौजूद अश्वों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए वहां तैनात कार्मिकों को अश्वों के खान-पान, रहन-सहन और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान कर्मचारियों के लिए बनाए गए अत्याधुनिक भोजनालय में साफ-सफाई की व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने इसे इसी तरह बनाए रखने और साप्ताहिक चार्ट के अनुसार पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही संस्था से समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्ता को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर जोर दिया।
