आईटीएम देहरादून में जम्मू-कश्मीर और पंजाब पर्यटन ने प्रस्तुत कीं पर्यटन संभावनाएं
देहरादून।
देहरादून में आयोजित इंडिया ट्रैवल मार्ट (आईटीएम) के दूसरे दिन पर्यटन से जुड़े विभिन्न राज्यों ने अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों और नई पहलों को ट्रैवल ट्रेड प्रोफेशनल्स और होस्टेड बायर्स के सामने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर और पंजाब पर्यटन विभाग की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।
दिन की शुरुआत उत्तराखंड के ट्रैवल एजेंट्स और देश के विभिन्न हिस्सों से आए होस्टेड बायर्स के बीच बी2बी बैठकों और नेटवर्किंग सत्रों से हुई, जिसमें पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने और नए व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा की गई।
जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित डेस्टिनेशन प्रेजेंटेशन में पर्यटन निदेशक जम्मू विकास गुप्ता ने क्षेत्र में विकसित किए जा रहे नए पर्यटन स्थलों और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी जम्मू मैराथन सहित कई नई गतिविधियों और पर्यटन अनुभवों के बारे में बताया।
इस अवसर पर पहलगाम डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ मीर नसरूल हिलाल जेरी और सहायक निदेशक पर्यटन जम्मू विशाल सधोत्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने एडवेंचर टूरिज्म, पर्वतीय पर्यटन, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इसके बाद भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के इंडिया टूरिज्म की ओर से प्रस्तुति दी गई, जिसमें पर्यटक सूचना अधिकारी आर.पी. कुमावत ने देश में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार की पहलों की जानकारी दी।
वहीं पंजाब पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने भी ट्रैवल ट्रेड प्रोफेशनल्स और बायर्स के साथ संवाद कर राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, खान-पान और धार्मिक पर्यटन स्थलों की जानकारी साझा की तथा नए पर्यटन सर्किट विकसित करने पर जोर दिया।
आयोजकों के अनुसार, यह प्रदर्शनी 15 मार्च तक एलपी विलास, देहरादून में जारी रहेगी और इसमें आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
