होली पर सख्त सुरक्षा”कोतवाल खुद उतरे मैदान में, हुड़दंगियों पर पुलिस का शिकंजा”दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लालकुआं में चला सघन चेकिंग अभियान ।
लालकुआं।
होली पर्व के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लालकुआं पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा स्वयं मैदान में उतरकर सघन वाहन चेकिंग अभियान का नेतृत्व करते दिखाई दिए।
नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर चलाए गए अभियान के दौरान तीन सवारी, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा हुड़दंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक वाहनों के चालान काटते हुए मौके पर जुर्माना भी वसूला।
कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि —
“होली के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे होली का पर्व सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस की इस कार्रवाई को होली पर्व पर संभावित दुर्घटनाओं और अव्यवस्था पर नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
