एमडीडीए की टीम ने किए अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
देहरादून।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
प्राधिकरण ने साफ किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए की टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित पैसिफिक गोल्फ, कुल्हान क्षेत्र में कुलदीप द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया। वहीं ऋषिकेश के वीरभद्र रोड पर शिव मंदिर के समीप भावेश जोशी व अन्य के अवैध आवासीय भवन को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा देहरादून के आरकेडिया ग्रांट क्षेत्र में मकबूल इरफान, अरविंद मनोडी समेत अन्य द्वारा की जा रही करीब 16 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि नियोजित और संतुलित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी कार्रवाई नियमानुसार नोटिस के बाद की जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृति जरूर लें।
