पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरक्षा होगी और सुदृढ़:अजय  वर्मा

खबर शेयर करें

पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरक्षा होगी और सुदृढ़:अजय  वर्मा

पीपल कोटी//चमोली 

विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के प्रमुख अजय वर्मा ने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की जाएगी।


टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) की टीबीएम साइट पर बीते मंगलवार की रात्रि को लोको ट्रेनों की भिडंत में काफी मजदूर घायल हो गए थे। टीएचडीसी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी घटना स्थल का जायजा लेते हुए सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया था। इस घटना की डीएम ने मजिस्ट्रेटी जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं। टीएचडीसी ने जांच प्रक्रिया में सभी आवश्यक जानकारियां तथा तकनीकी विवरण आदि उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है। कहा कि तथ्यों के आधार पर टीबीएम साइट पर संचालित मोनोरेल प्रणाली का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
परियोजना प्रमुख अजय वर्मा ने कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों, वैधानिक प्रावधानों एवं मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हंै। बताया कि घटना के उपरांत परियोजना की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा की जा रही है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे है। इससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने बताया कि घटना में प्रभावित 76 व्यक्तियों को प्राथमिक जांच एवं उपचार के पश्चात् डिस्चार्ज कर दिया गया है। पांच कार्मिकों को जिला अस्पताल में समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उनके उपचार एवं कल्याण हेतु टीएचडीसी द्वारा प्रबंधन किया जा रहा है। बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के लिए मानव जीवन एवं कार्यस्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीएचडीसी सुरक्षित, जिम्मेदार एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप परियोजना को समय से पूर्ण कर राष्ट्र को समर्पित करने के लिए टीएचडीसी प्रबंधन कटिबद्ध है।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *