पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में सुनीं जनसमस्याएं, हेली सेवा विस्तार की घोषणा

खबर शेयर करें

पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में सुनीं जनसमस्याएं, हेली सेवा विस्तार की घोषणा

उत्तरकाशी 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के इस अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर लगाकर समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है। इस पहल से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुलभ और पारदर्शी बनी है।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवा के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि चिन्यालीसौड़ एवं गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू की जाएगी और दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले से शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा के समन्वयक की भूमिका में है, जबकि स्थानीय हितधारक, तीर्थ पुरोहित, होटल व्यवसायी, टैक्सी एवं मैक्सी संचालक और स्थानीय लोग यात्रा की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक दो लाख से अधिक “लखपति दीदियों” को सशक्त किया जा चुका है। स्थानीय मांग पर उन्होंने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान में पांच लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है और 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो पाया, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लाक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *