गौचर / चमोली
राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेला गौचर की तैयारियों में जुटी राजस्व विभाग की टीम
14 नवंबर से शुरू होने वाले गढ़वाल मंडल का प्रसिद्ध ऐतिहासिक गौचर मेले की तैयारियां जोरों से चल रही है।
मेलाधिकारी गौचर / उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग, श्री सोहन सिंह रांगड़ लगातार मेला मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

मेला मैदान में सरकारी, गैर-सरकारी व दुकानों का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। मेला कमेटी की ओर से नियुक्त सेवा निवृत्त अनुभाग अधिकारी सुरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि कुल 287 दुकानों के अलावा सरकारी व गैर-सरकारी विभागों के लिऐ 144 स्टालो को बनाया जा रहा है। जिसमें से अब तक 250 के लगभग दुकानों का आवंटन हो चुका है। दुकानों को इस बार चार श्रेणियों में विभाजित कर उनका किराया 12 , 500 रुपए से लेकर 23 , 000 रुपये तक निर्धारित किया गया है। सरकारी व गैर-सरकारी विभागों के 144 स्टालों में भी 60 से अधिक के आवेदन प्राप्त हो चुके है।
इस बार मेले को भव्य एवं आकर्षक बनायें जाने के उद्देश्य से मेला कमेटी द्वारा बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल प्रेमियों के लिए अच्छी टीमों को बुलाया गया है। मेले में इस बार प्रसिद्ध लोक गायक प्रीतम भरतवाण, लोक गायिका पम्मी पम्मी नवल, लोक गायक मंगलेश डंगवाल, अज्जू तोमर, अनूप जलोटा, शाश्वत जे. पंडित एवं विवेक नौटियाल, गजेन्द्र राणा, धनराज शौर्य, लोक गायिका खुशी जोशी, सौरभ मैठाणी, अनीषा रांगड़ आदि जैसे कलाकार अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां देंगे वहीं दूसरी ओर स्कूलों के बच्चे, महिला मंगल दल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा जिलो से आने वाले सांस्कृतिक क्लबों द्वारा भी सात दिवसीय मेले में अपने रंगारंग लोक नृत्य, लोक गीत के सांस्कृतिक कार्यक्रमो से मेलार्थियों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
