उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में देहरादून में विक्रम वाहनों पर सख्त चेकिंग अभियान
देहरादून।
उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा विक्रम जन कल्याण सेवा समिति व अन्य में पारित आदेशों के अनुपालन में विक्रम वाहनों की सीटिंग क्षमता में नियमानुसार परिवर्तन तथा चालक के बगल वाली सीट हटाने को लेकर देहरादून में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
देहरादून में अभियान का नेतृत्व पंकज श्रीवास्तव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) देहरादून ने किया, जबकि ऋषिकेश में यह अभियान सुश्री रश्मि पन्त, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ऋषिकेश के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान कुल 36 विक्रम वाहनों के चालान किए गए, जिनमें से 21 विक्रम वाहनों को नियमों का पालन न करने के कारण बंद कर दिया गया। परिवहन विभाग द्वारा विक्रम यूनियन से भी इस संबंध में वार्ता की गई और उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों में नियमानुसार परिवर्तन कराते हुए तकनीकी अधिकारी से वाहन का निरीक्षण कराएं तथा उसके अनुरूप पंजीयन पुस्तिका एवं परमिट में आवश्यक संशोधन दर्ज कराएं।

इसके साथ ही मौके पर मौजूद वाहन स्वामियों को भी अपने वाहनों में नियमानुसार परिवर्तन कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। चेकिंग अभियान में जितेन्द्र बहादुर चन्द, परिवहन कर अधिकारी, एम.डी. पपनोई तथा सुश्री श्वेता रौथाण भी सम्मिलित रहे।
“यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रम वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।”
डॉ. अनीता चमोला
संभागीय परिवहन अधिकारी
देहरादून
