रायपुर रोड पर खुला उत्तराखंड का पहला ‘आंचल कैफे प्लस
मूक-बधिरों और स्थानीय युवाओं को मिला रोजगार
देहरादून।
रायपुर रोड स्थित दुग्ध संघ देहरादून परिसर में प्रदेश का पहला ‘आंचल कैफे प्लस’ शुरू हो गया है। कैफे का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ने किया।
मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को आंचल दूध एवं उससे बने उच्च गुणवत्ता वाले व्यंजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कैफे की स्थापना की गई है। उन्होंने इसे विभाग की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे आंचल ब्रांड को नई पहचान मिलेगी और भविष्य में अन्य जनपदों में भी ऐसे कैफे खोले जाएंगे।
कैफे के संचालन के लिए तरुण एंटरप्राइजेज कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है। बताया गया कि यह पहल रोजगार सृजन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में यहां 20 लोगों को रोजगार दिया गया है, जिनमें 80 प्रतिशत स्थानीय नागरिक हैं। सामाजिक दायित्व के तहत कैफे में चार मूक-बधिर (दिव्यांग) व्यक्तियों को भी नियुक्त किया गया है, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। विधायक ने इस पहल के लिए मंत्री का आभार जताते हुए क्षेत्र में इसके विस्तार की मांग की।
इस अवसर पर दुग्ध संघ देहरादून के अध्यक्ष भूमि सिंह, दुग्ध संघ हरिद्वार के अध्यक्ष प्रमोद प्रधान तथा के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
