स्वास्थ्य मंत्री से मिले नर्सिंग बेरोजगार, मिला आश्वासन
16वें दिन भी जारी रहा नर्सिंग बेरोजगारों का धरना।
देहरादून।
वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का धरना शनिवार को 16वें दिन भी जारी रहा। इसी बीच मंच के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर नर्सिंग भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए नर्सिंग संवर्ग के हित में हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया।
शनिवार को नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर नर्सिंग बेरोजगारों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद धरने पर डटे नर्सिंग कर्मियों ने सरकार और विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस समाधान न निकलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जब तक लिखित रूप में आश्वाशन नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी मुलाकात स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से उनके आवास पर हुई। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पहले भी कई कदम उठाएं, और आगे भी नर्सिंग प्रोफेशन के हित में सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 16 दिनों से चल रहे धरने के बीच नर्सिंग संवर्ग को मंत्री से काफी उम्मीदें हैं।
उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और परिवार के साथ धरना स्थल पर रहकर आंदोलन करना आसान नहीं है, लेकिन अपने भविष्य और अधिकारों के लिए यह संघर्ष करना पड़ेगा।
वहीं, सरिता जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री से उन्हें पूरा विश्वास है कि वे नर्सिंग कर्मियों की बातों को समझेंगे और उनके लिए सकारात्मक फैसला लेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए साल पर नर्सिंग कर्मियों को कोई अच्छा तोहफा मिल सकता है।
इस दौरान नवल पुंडीर, विकास पुंडीर, प्रवेश रावत, राजेंद्र कुकरेती, प्रीति, मधु उनियाल, सरिता जोशी सहित बड़ी संख्या में बेरोजगार नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।
