देहरादून में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री ने किया ‘माल्टा मिशन’ का शुभारंभ
देहरादून।
देहरादून के घड़ी कैंट स्थित राजकीय उद्यान सर्किट हाउस में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों, उत्पादकों और आम लोगों से संवाद कर माल्टा के उत्पादन, गुणवत्ता और उसकी विशेषताओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माल्टा उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और हिमालयी क्षेत्रों की प्राकृतिक देन है, जिसमें अनेक औषधीय गुण मौजूद हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य माल्टा को किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनाना, पलायन को रोकना और युवाओं को खेती से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि जिन जनपदों में माल्टा का उत्पादन हो रहा है, वहां माल्टा महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। पहला माल्टा महोत्सव चमोली जिले के गोचर में आयोजित किया गया था। देहरादून के बाद राज्य के अन्य जिलों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी माल्टा महोत्सव आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘माल्टा मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। इस मिशन के तहत माल्टा के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार राज्य में कीवी, सेब और ड्रैगन फ्रूट के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, उसी तरह माल्टा भी उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माल्टा मिशन से किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तराखंड की आर्थिकी को नई मजबूती मिलेगी।
