नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला से निर्दलीय प्रत्याशी निर्मला उनियाल ने पेश की अपनी दावेदारी,
रोजगार और नशा मुक्ति पर फोकस
ऋषिकेश/मुनिकीरेती –
उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां चरम पर हैं। ऋषिकेश-मुनिकीरेती क्षेत्र में इस बार मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बजाय निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच दिलचस्प बन गया है। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार निर्मला उनियाल ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
निर्मला उनियाल ने चुनावी मैदान में उतरते ही अपना विजन और रोडमैप जनता के सामने रखा है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं को रोजगार के अवसर देने, क्षेत्र में पार्किंग की समस्या का समाधान निकालने और नशा मुक्त समाज बनाने का वादा किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र के युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
निर्मला उनियाल ने कहा, “अगर नशे के खिलाफ सशक्त अभियान नहीं चलाया गया, तो आने वाली पीढ़ियां बर्बाद हो जाएंगी। मैं इस दिशा में हरसंभव प्रयास करूंगी।” उन्होंने यह भी दावा किया कि जनता का भरपूर समर्थन उन्हें मिल रहा है।
निर्मला उनियाल ने बताया कि उन्हें पार्टी से टिकट न मिलने से उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उनका कहना है, “जनता का भरोसा और समर्थन मेरे साथ है। जरूरी नहीं कि पार्टी के बल पर ही चुनाव जीता जाए। मैं अपने दम पर चुनाव लड़ूंगी और जीत कर दिखाऊंगी।”
अब 23 जनवरी को होने वाले मतदान में जनता किसे अपना समर्थन देती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
