वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट।
एडीजी इंटेलिजेंस ने ली अधिकारियों की ब्रीफिंग
देहरादून।
वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए शनिवार को देहरादून में उच्चाधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात होने वाले राजपत्रित अधिकारियों की ब्रीफिंग की। अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने सभी अधिकारियों को सजग और सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस लाइन देहरादून में हुई ब्रीफिंग में एडीजी इंटेलिजेंस ने कार्यक्रम हेतु किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए कि सभी प्रभारी पुलिस अधिकारी अपने साथ तैनात सादे और वर्दीधारी पुलिस बल की पहचान और ड्यूटी कार्ड सुनिश्चित कर लें। साथ ही यह भी तय किया जाए कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अपने प्वाइंट को छोड़कर एक स्थान पर जमा न हों।
*ऑनलाइन जुड़े एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, ड्रोन पर प्रतिबंध*
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) भी ऑनलाइन माध्यम से ब्रीफिंग में शामिल हुए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को विशेष रूप से आगाह किया गया है कि वीवीआईपी प्रवास स्थल, कार्यक्रम स्थल और उसके आस-पास के क्षेत्रों में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी कड़ी नजर रखने और केवल पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही अनुमति देने के निर्देश दिए गए हैं। वीवीआईपी रूट प्रभारी को रूट का गहन निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रास्ते में किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो।
*संघन चेकिंग और मोबाइल फोन पर प्रतिबंध*
सुरक्षा के मद्देनजर, अधिकारियों को वीवीआईपी प्रवास स्थल और कार्यक्रम स्थल के आस-पास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन चेकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, रूट तथा मुख्य कार्यक्रम स्थल के आस-पास स्थित ऊंचे भवनों और पानी की टंकियों जैसे स्थानों की बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वॉड टीम से सघन चेकिंग कराने और इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।
ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी कर्मचारी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेगा और न ही बिना बताए अपना ड्यूटी प्वाइंट छोड़ेगा। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस ब्रीफिंग में हरिद्वार जनपद में वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ, आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र, आईजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था), डीआईजी (उप महानिरीक्षक) अपराध एवं कानून व्यवस्था, एसएसपी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) देहरादून सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले, सुबह आईजी साइबर/एसटीएफ और आईजी अभिसूचना ने एसएसपी देहरादून के साथ मिलकर पुलिस लाइन में समस्त पुलिस बल को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए थे।
