स्याल्दे के बरंगल गांव में गुलदार ने सिलसिलेवार हमलों में छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

खबर शेयर करें

स्याल्दे में गुलदार का हमला: छह लोग गंभीर घायल, गांव में दहशत

अल्मोड़ा।

रविवार को स्याल्दे के बरंगल गांव में गुलदार ने सिलसिलेवार हमलों में छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) देघाट ले जाया गया, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पहला हमला सुबह हुआ, जब सड़क निर्माण कार्य में जुटे दो नेपाली मजदूरों पर गुलदार ने अचानक हमला किया। घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद, कुछ ही देर में गुलदार ने बरंगल गांव में तीन और लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घटनाओं से गांव में पहले ही दहशत का माहौल था, कि गुलदार ने एक किशोर को भी अपना शिकार बना लिया।

किशोर को घायल होते देख ग्रामीण और अधिक भयभीत हो गए और सभी लोग घरों में बंद हो गए। सूचना मिलने पर वन विभाग हरकत में आया। रेंजर उमेश पाण्डे के नेतृत्व में 22 कर्मियों की टीम गांव पहुंची और गुलदार की खोजबीन शुरू कर दी।

रेंजर पाण्डे ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवाया गया है, जिसे जल्द लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।

फिलहाल, गांव में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और गुलदार को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *