ब्रहमताल स्वायत्य सहकारिता को ग्रामीण आजीविका मिशन में किया गया शामिल। चंद्रकला बनी अध्यक्ष
थराली।
मंगलवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में ब्रहमताल आजीविका सहकारिता को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन थराली द्वारा अधिगृहीत कर लिया गया। जिसमें इस स्वायत्य सहकारिता के अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चंद्रकला रावत चुनी गई। अब इस सहकारिता से जुड़े सभी स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल पायेगा। ब्लॉक मिशन मैनेजर गंभीर सिंह ने कहा कि इस सहकारिता से जुड़ समूह की महिलाओं को तकनीकी और आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। जिससे समूह की महिलायें अपना उद्यम स्थापित कर स्वरोजगार कर सकें। उन्होंनें बताया कि इसके तहत महिलाओं को स्थानीय फलों और बुरांश के जूस का उत्पादन, जड़ी-बूटी में कुटकी, अतीस और कीवी मिशन से जोड़ा जायेगा। इनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का कार्य एनआरएलएम करेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने कहा कि समूह से जुड़कर महिलायें सशक्त और आत्मनिर्भर हो रही हैं। कई महिलायें लखपति दीदी बन गई हैं। होम स्टे से अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। सहायक खंड विकास अधिकारी गंगा सिंह गुसांई ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग के साथ ही एनआरएलएम, रीप और कई अन्य संस्थायें समूहों को तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान कर रही हैं। उन्होंनें बताया कि समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के लिए बैंकों द्वारा पचास प्रतिशत सब्सिडी के साथ ही कम ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है। जिसके लिए बैंक सखी समूहों की सहायता कर रही है। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी प्रकाश रावत, पंकज रावत, रीप से विपिन मिश्रा, पंकज पुरोहित, अनिल पुरोहित, आशीष मैखुरी, महेश उनियाल आदि मौजूद थे।
