निदेशालय बवाल : हिस्ट्रीशीटर समेत चार अभियुक्त गिरफ्तार _ विधायक की मौजूदगी में हुई थी मारपीट और तोड़फोड़

खबर शेयर करें

निदेशालय बवाल : हिस्ट्रीशीटर समेत चार अभियुक्त गिरफ्तार

_ विधायक की मौजूदगी में हुई थी मारपीट और तोड़फोड़

_ सरकारी कार्य में बाधा डालने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून।

प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखण्ड के निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में दून पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 21 फरवरी को रायपुर क्षेत्र के ननूरखेड़ा स्थित निदेशालय कार्यालय में हुई।

पुलिस के अनुसार रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ एक प्रकरण को लेकर निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा से वार्ता कर रहे थे। इसी दौरान विवाद हो गया और कुछ लोगों ने कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया। आरोपियों ने कुर्सियां व अन्य सामान इधर-उधर फेंकते हुए तोड़फोड़ की। घटना में कार्यालय में मौजूद कुछ लोग घायल भी हो गए।

निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर थाना रायपुर में लोक सेवक के कार्य में बाधा, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौच सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर भी अलग मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली (हिस्ट्रीशीटर), लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *