उच्च हिमालय में वन विभाग की 6 दिवसीय विशेष शीतकालीन गश्त,
ड्रोन से हुआ फूलों की घाटी का हवाई सर्वे
ज्योतिर्मठ।
वन्य जीव संरक्षण और सुरक्षा को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 6 दिवसीय विशेष शीतकालीन गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान गश्ती दल ने पुलना, जंगल चट्टी, भ्यूंडार होते हुए घांघरिया और वर्ल्ड हेरिटेज साइट फूलों की घाटी के मुख्य क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गश्त के दौरान फूलों की घाटी, घांघरिया एवं भ्यूंडार क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से हवाई सर्वेक्षण भी किया गया। ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर उन दुर्गम इलाकों की भी प्रभावी निगरानी संभव हो सकी, जहां सामान्य परिस्थितियों में मानवीय पहुंच अत्यंत कठिन है।
वन विभाग के अनुसार, संपूर्ण गश्त और ड्रोन सर्वेक्षण के दौरान पार्क क्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार की अवैध मानवीय गतिविधि के साक्ष्य नहीं पाए गए। विभाग ने इसे वन्य जीवों और जैव विविधता की सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया है।
अधिकारियों ने बताया कि शीतकालीन मौसम में भी नियमित निगरानी जारी रखी जाएगी, ताकि संरक्षित क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।