सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए बनेगी एसओपी
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
देहरादून।
सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग और संवेदनशील रही है। उन्होंने मुख्य सचिव को अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी को भी निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के ठोस इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही एसएसपी देहरादून को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।