गौचर / चमोली।
बौंला सिन्द्रवाणी–सकण्ड सड़क निर्माण का रास्ता साफ, जल्द मिलेगी स्वीकृति
चमोली जिले के कर्णप्रयाग ब्लॉक में प्रस्तावित बौंला सिन्द्रवाणी से सकण्ड तक 9.5 किलोमीटर सड़क के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। लोक निर्माण विभाग गौचर की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। शासन स्तर पर प्रस्ताव पर कार्रवाई गतिमान है।
लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि सड़क का प्रारंभिक सर्वेक्षण वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से पूरा कर लिया गया है। पूर्व में किए गए समरेखण में वन विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों का भी वर्तमान सर्वेक्षण के दौरान निस्तारण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े नौ किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण की अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।