उद्योगपति सुशील कानौड़िया ने सपरिवार किए बदरीविशाल के दर्शन
देहरादून।
दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी सुशील कानौड़िया ने गुरुवार को सपरिवार श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरीविशाल की शयन आरती में प्रतिभाग किया, जबकि शुक्रवार को परिवार सहित महाभिषेक पूजा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी और श्री घंटाकर्ण जी को ध्वज अर्पित किया तथा मंदिर की सेवा के लिए संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
धाम पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मंदिर प्रभारी एवं प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल ने सुशील कानौड़िया और उनके परिवार का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट किए गए।
छह दशकों से मंदिरों के संरक्षण में योगदान
कानौड़िया परिवार लंबे समय से सनातन धर्म, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और समाजसेवा के कार्यों में योगदान देता रहा है। परिवार की ओर से छह दशकों से अधिक समय से श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम सहित देश के विभिन्न मंदिरों में सेवा, दान और जीर्णोद्धार के कार्य किए जा रहे हैं। सुशील कानौड़िया के साथ उनके अनुज उद्योगपति दिनेश कानौड़िया और दिवंगत विजय कानौड़िया का भी मंदिरों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और धार्मिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कानौड़िया परिवार ने तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश एवं छतरी के जीर्णोद्धार तथा गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार में अहम भूमिका निभाई है। वर्ष 2024 में परिवार की ओर से श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष छत्र का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त अनुसूया माता मंदिर में चांदी के सिंहासन का निर्माण तथा बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर पांडुकेश्वर से पहले जीआरईएफ कैंप के निकट शिव मंदिर का निर्माण भी कराया गया।
कर्मचारियों और साधु-संतों को बांटे वस्त्र-कंबल
बदरीनाथ प्रवास के दौरान सुशील कानौड़िया ने बीकेटीसी कर्मचारियों को जैकेट तथा साधु-संतों को वस्त्र एवं कंबल वितरित किए। इससे पूर्व वह श्री केदारनाथ धाम में भी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व कानौड़िया परिवार ने गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कराया था। बीकेटीसी ने परिवार के इन सेवा कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। परिवार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को मंदिरों के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सेवा के प्रति समर्पण के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर सुशील कानौड़िया के साथ उनकी धर्मपत्नी ममता कानौड़िया, पुत्र दीपक कानौड़िया, पुत्रवधू पायल कानौड़िया, पुत्रियां चेरी गुप्ता एवं नेहा गोयल तथा पोते क्यान और कृषव मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीकेटीसी के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, एसपी भट्ट, रंजन कुमार, देवकुमार, महेश कुमार, डॉ. हरीश गौड़, राहुल नेगी, योगंबर नेगी, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।