ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत 12.36 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ़्तार
देहरादून।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बच्चों की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दिनांक 14 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कसाई मोहल्ला, कुंजा ग्रांट क्षेत्र से अभियुक्त बिलाल पुत्र इस्लाम को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य की 12.36 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस संबंध में थाना विकासनगर में अभियुक्त के विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और गांव के ही एक अन्य तस्कर से स्मैक खरीदकर छोटे-छोटे बच्चों को 10–20 रुपये या चॉकलेट का लालच देकर ग्राहकों तक नशा पहुंचवाता था। बच्चों पर किसी को शक न होने के कारण वह आसानी से स्मैक की तस्करी कर लेता था और अच्छा मुनाफा कमाता था।
कुछ दिन पूर्व गांव में एक बच्चा स्मैक की पुड़िया के साथ पकड़ा गया था, जिसका वीडियो वायरल हो गया था। इसके बाद अभियुक्त स्वयं स्मैक की डिलीवरी करने लगा, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है तथा एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मुकदमे में वांछित चल रहा था।
एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
