वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल
देहरादून।
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्स सफाई कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के चलते अस्पताल की ओपीडी, ओटी, इमरजेंसी बिल्डिंग और कॉलेज परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई जगह कूड़े के ढेर लग गए, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें दिसंबर माह का वेतन अब तक नहीं मिला है, जबकि नवंबर माह का भी केवल आधा वेतन ही दिया गया, वह भी ठेकेदार ने अपने स्तर से भुगतान किया। कर्मचारियों का कहना है कि प्राचार्य स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन फंसने की वजह टेंडर में हुई तकनीकी गलती है। सुपरवाइजरों ने उन्हें जानकारी दी कि नए टेंडर में पुरानी बिल्डिंग को भी शामिल कर लिया गया, जबकि वहां पहले से उपनल के 105 कर्मचारी तैनात हैं। इसी कारण नवंबर माह का पूरा बिल पास नहीं हो पाया। जब तक नवंबर का हिसाब क्लीयर नहीं होगा, दिसंबर का बिल भी नहीं लगाया जा सकता।
हड़ताल की चेतावनी के बाद मामला शासन स्तर तक पहुंच गया है। नए स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे के संज्ञान में आने के बाद शासन ने एजेंसी के सुपरवाइजरों को तलब किया है और टेंडर में हुई गड़बड़ी की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
इस दौरान रीता, मीनाक्षी, मिथलेश, पूजा, गुड्डी, मंजू, गंगोत्री, संगीता, गायत्री, सुमन, रेखा, मीणा सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।आउटसोर्स सफाई कर्मियों के लिए अतिरिक्त बजट और उपनल कर्मियों को यथावत रखने की अनुमति के लिए शासन को फाइल भेजी गई है। शासन से अनुमति मिलते ही भुगतान कर दिया जाएगा।
_ *डॉ. सुशील ओझा, मीडिया सेल प्रभारी, दून अस्पताल
सफाई कर्मियों का वेतन बिल न मिलने के कारण रुका हुआ है। ठेकेदार की ओर से अब तक बिल उपलब्ध नहीं कराया गया है। बार-बार कहने के बावजूद बिल नहीं मिलने से भुगतान में देरी हो रही है। जैसे ही बिल प्राप्त होगा, शासन स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
_ *गीता जैन, प्राचार्य दून अस्पताल*
