पौड़ी गढ़वाल
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य संसाधनों का युक्तिसंगत उपयोग करते हुए आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने 108 के साथ विभागीय एंबुलेंस सेवाओं को निःशुल्क व हर स्थिति में उपलब्ध रखने, एंबुलेंस हेतु एसओपी व लॉग बुक अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु 33.60 लाख रुपये की स्वीकृति दी।
उन्होंने टीबी जांच हेतु मोबाइल एक्स-रे वाहन, पैथोलॉजी जांच, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सभी निर्धारित जांच नियमित रूप से कराने व उनकी सूची केंद्रों पर चस्पा करने के निर्देश दिए। अल्ट्रासाउंड सेवाओं के लिए तकनीशियनों की युक्तिसंगत तैनाती, खराब मशीनों की मरम्मत तथा गर्भवती महिलाओं को निकटस्थ केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु साप्ताहिक रोस्टर लागू करने को कहा। सतपुली व बीरोंखाल में सुविधा शुरू हो चुकी है तथा पाबौ में शीघ्र प्रारंभ होगी।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसवों की निगरानी, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान, कम प्रसव वाले क्षेत्रों में जवाबदेही तय करने तथा ‘खुशियों की सवारी’ सेवा के आंतरिक वितरण को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक रेफरल की स्थिति में गंतव्य अस्पताल को पूर्व सूचना दी जाए और मरीज की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्वास्थ्य उपकरणों, अवसंरचना, ओपीडी प्रगति एवं टेलीमेडिसिन सेवाओं की समीक्षा करते हुए टेलीमेडिसिन के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, डॉ. विनय त्यागी, ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट सहित अन्य उपस्थित रहे।