पौड़ी
जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने परिवहन विभाग, लोनिवि और पीएमजीएसवाई को निर्देशित किया कि जिले की नयी निर्मित सड़कों का आरटीओ के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। विभाग हर माह दस सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर पूरी रिपोर्ट दें और पूरे हो चुके कार्यों की फोटो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएँ। हॉटमिक्स प्लांट संचालकों को एक–एक हजार पौधे वन पंचायतों या क्षीण वनों में लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस और परिवहन विभाग को चालान कार्रवाई तेज करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख़्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में आरटीओ ने पॉटहॉल फिलिंग तकनीक पर प्रस्तुति दी, जिसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंज़ूरी दी गई। बच्चों में ट्रैफिक जागरूकता बढ़ाने के लिए पौड़ी में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क बनाने का निर्णय भी लिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुँचाने वाले को गुड समेरिटन कानून के तहत पूरा संरक्षण मिलेगा।
जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच परिवहन विभाग ने 4183 और पुलिस विभाग ने 33,991 चालान किए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।