गोपेश्वर महाविद्यालय में हुआ पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन

खबर शेयर करें

चमोली/गोपेश्वर 

गोपेश्वर महाविद्यालय में हुआ पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में सोमवार को पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं महिला प्रकोष्ठ द्वारा संयुक्त रूप से सृजन समता यात्रा के तहत महिला अधिकारों के विषय पर कविता आधारित पोस्टर प्रदर्शिनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य प्रो. एमपी नगवाल ने कहा कि कविता पोस्टर प्रभावशाली शिक्षण हेतु सशक्त माध्यम है। उन्होंने महिला अधिकारों के प्रचार प्रसार पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता सृजन समता यात्रा के संयोजक पौड़ी के कला शिक्षक आशीष नेगी ने फैज अहमद फैज़, गिरीश तिवारी गिर्दा, केदारनाथ अग्रवाल, महेश चंद, स्वाति मैलकानी, पाश, नागार्जुन जैसे प्रसिद्ध कवियों की कविताओं पर स्वयं के द्वारा तैयार किये गए पोस्टरों की प्रदर्शिनी लगाई जिसे दर्शकों द्वारा काफ़ी सराहा गया। उन्होंने छात्र छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति स्वभाव से कलाकर एवं अभिनेता है उसे केवल अपनी प्रतिभा को पहचानने की आवश्यकता है। आशीष नेगी ने कहानी कथन शैली के माध्यम से प्रभावशाली शिक्षण के गुर भी श्रोताओं को सिखाये।

रंगकर्मी विकास कुमार ने पहाड़ के प्राचीन वाद्य यन्त्रों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को हुड़का बजाना भी सिखाया।

कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ दर्शन सिंह नेगी ने समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए घरेलु एवं कृषि कार्य में महिलाओं पर बढ़ते बोझ को कम करने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ प्रेमलता, डॉ विधि ध्यानी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के परामर्शदाता भीम सिंह, डॉ दिग्पाल कंडारी, डॉ रीना, डॉ शिवानी, डॉ चंदा, डॉ प्रियंका उनियाल, डॉ पूनम टाकुलि, स्वयंसेवी जसवंत परिहार, दिव्या कंडारी आदि उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *