अंकिता भंडारी हत्याकांड और आपत्तिजनक बयान को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन , रेखा आर्य के आवास का किया घेराव

खबर शेयर करें

अंकिता भंडारी हत्याकांड और आपत्तिजनक बयान को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

, रेखा आर्य के आवास का किया घेराव

देहरादून।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे वीआईपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में शुक्रवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी में मंत्री रेखा आर्य के आवास का घेराव किया।
शुक्रवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता यमुना कॉलोनी गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम सार्वजनिक कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड में जिस वीआईपी का उल्लेख हुआ था, उसका नाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी के रूप में सामने आया है। रौतेला ने यह भी कहा कि राज्य में सामने आए अधिकांश महिला अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता रही है और कई मामलों में पीड़ितों को ही पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया गया।
ज्योति रौतेला ने मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयान — “बिहार से 20–25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं” — की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री होने के नाते रेखा आर्य से इस बयान पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग की।
महिला कांग्रेस ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ थाना डालनवाला में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई और कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही महिला कांग्रेस ने मंत्री रेखा आर्य और उनके पति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *