चमोली
धूमधाम से मनाया गया स्व.श्री इंद्रमणि बडोनी जी का 100वां जन्मदिवस।स्थानीय कवियों ने गढ़वाली में काव्य पाठ कर सभी का मन मोह लिया
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता एवं माउंटेन गांधी के नाम से प्रसिद्ध स्व.श्री इंद्रमणि बडोनी जी के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरव कुमार द्वारा स्व. श्री इंद्रमणि बडोनी जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अपने संबोधन में स्व. इंद्रमणि बडोनी जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन उत्तराखंड और समाज के हित में समर्पित किया। उन्होंने कार्यक्रम में आये विद्यार्थियों से उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की साथ ही अधिकारियों से भी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कवियों द्वारा गढ़वाली भाषा में प्रस्तुत रचनाओं ने स्थानीय संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित कवियों को डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे एवं अपर मुख्य अधिकारी द्वारा मोमेंटो और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कवियों में शशी देवली, दर्शन नेगी, भगत सिंह राणा, ज्योति बिष्ट, रोशनी पोखरियाल, बृजेश रावत, दीपलता झिकवाण, सतेंद्र बर्तवाल एवं कार्तिक तिवारी शामिल रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, साहित्य प्रेमी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
