देहरादून नगर निगम में हंगामा पार्षद–नगर आयुक्त विवाद के बाद कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, निगम में तालाबंदी

देहरादून नगर निगम में हंगामा

पार्षद–नगर आयुक्त विवाद के बाद कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, निगम में तालाबंदी
देहरादून।

नगर निगम देहरादून में मंगलवार को एक कांग्रेसी पार्षद और नगर आयुक्त के बीच हुए विवाद ने बुधवार को बड़ा रूप ले लिया। घटना से नाराज नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए निगम के सभी अनुभागों में तालाबंदी कर दी, जिससे नगर निगम का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।
कर्मचारी संघ का कहना है कि मंगलवार को वार्ड नंबर 47 के कांग्रेसी पार्षद रॉबिन नगर आयुक्त के कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनकी नगर आयुक्त से तीखी बहस हो गई। कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान पार्षद ने नगर आयुक्त के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित पार्षद सार्वजनिक रूप से नगर आयुक्त से माफी नहीं मांगते, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मचारियों का कहना है कि उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, पार्षदों का कहना है कि नगर आयुक्त पर फोन न उठाने और लंबे समय तक इंतजार कराने को लेकर नाराजगी थी। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान नगर आयुक्त ने ऊंची आवाज में बात करने पर आपत्ति जताते हुए पार्षद को कक्ष से बाहर जाने को कहा, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वार्डों में 70 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रस्तावित हैं, लेकिन अब तक उनके वार्डों को बजट नहीं दिया गया है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
फिलहाल, कर्मचारियों के आंदोलन और तालाबंदी के चलते देहरादून नगर निगम के सबसे बड़े निकाय का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है। मामले के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर बातचीत की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, लेकिन कर्मचारी संघ अपनी मांग पर अड़ा हुआ है।